हत्या की आशंका पर पुलिस ने शुरू की जांच
बरारी /कटिहार – बरारी प्रखंड के पश्चिमी बारीनगर पंचायत के वार्ड संख्या 15 में दो वर्षीय बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मो.तस्लीम के दो वर्षीय पुत्र मो.फहीम के रूप में हुई है। बच्चे का शव घर से कुछ दूरी पर परवल के खेत में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।मृतक के पिता मो.तस्लीम ने बताया कि शनिवार की सुबह वह मजदूरी करने के लिए खेत में चले गए थे।बच्चे की मां बीबी संतरा खातून भी पटुआ छोड़ने के काम से बाहर गई हुई थीं।
घर पर उनका दो वर्षीय पुत्र फहीम था।करीब 11 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनका बच्चा घर के बगल में कुछ दूरी पर स्थित परवल के खेत में मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलने के बाद वे तत्काल मौके पर पहुंचे।घटना के बाद बच्चे की मौत को लेकर तरह तरह की चर्चा होने लगी।कुछ ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई जबकि कुछ लोगों का कहना है कि बच्चे की मौत किसी अन्य कारण से भी हो सकती है।
फिलहाल मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।बरारी पुलिस के अनुसार घटनास्थल से बच्चे की हत्या से संबंधित कोई स्पष्ट साक्ष्य फिलहाल नहीं मिला है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।मामले में आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल की भी जांच की जा रही है।