न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

लंबित कार्यो को 15 दिनों के अंदर निष्पादित करे :पुलिस अधीक्षक

अपराध नियंत्रण एवं प्रभावी पुलिसिंग को लेकर पुलिस उप-महानिरीक्षक अपराध अनुसंधान विभाग ने की समीक्षा
नोडल पदाधिकारी कटिहार ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

कटिहार – समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक के कार्यालय कक्ष में जयंत कांत पुलिस उप-महानिरीक्षक अपराध अनुसंधान विभाग बिहार पटना-सह- प्रभारी नोडल पदाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार कटिहार की उपस्थिति में लंबित कांडों की समीक्षा की। उन्होंने कांडों के शीघ्र निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान अपराध शाखा, हिन्दी शाखा, लेखा शाखा,डीसीबी शाखा, अभियोजन शाखा, त्वरित विचारण शाखा एवं डीआईयू शाखा के कार्यों की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए । साथ ही पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय -सह-यातायात एवं सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन एवं पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान मोबाइल छिनतई की घटनाओं का गहन अवलोकन किया गया तथा घटनाओं में शामिल अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई एवं सतत निगरानी रखने हेतु निर्देशित किया गया। आर्म्स एक्ट एवं अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध कटिहार पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की सराहना करते हुए आगे भी इसी प्रकार प्रभावी कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया गया।

विशेषकर पूरे जिले में महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा जिले के सभी पुलिस पदाधिकारियों को वायरलेस संचार व्यवस्था 24×7 सुचारू रूप से संचालित रखने का निर्देश दिया गया। गश्त प्रभारियों पर नियंत्रण हेतु उनके जीपीएस रूट की प्रतिदिन समीक्षा करने का निर्देश दिया गया।

जिले के सभी थानाध्यक्षों को वाहन चेकिंग अभियान चलाकर विशेष रूप से बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों को जप्त करने हेतु निर्देशित किया गया।आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने तथा पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।निरीक्षण के दौरान छः पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया तथा लंबित कार्यो को 15 दिनों के अंदर निष्पादित करने हेतु निर्देशित किया गया।

रिपोर्ट: सत्येन्दु सुमन

Share this news

Leave a Comment