न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव कराना सुनिश्चित करें – डीडीसी

57 एम्बुलेंस से प्रतिदिन 300 कॉल का दिया निर्देश

कटिहार– स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की समीक्षा को लेकर उप विकास आयुक्त डा.नेहा कुमारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मातृत्व स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, प्रसव पूर्व जांच,अति जोखिम भरे रोगियों की पहचान, परिवार नियोजन, एनसीडी, इएचआर एवं एम्बुलेंस सेवाओं की गहन समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक एवं बीसीएम को शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

वहीं गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व चारो जांच जिसमें विशेषकर चौथी के बाद नियमित फॉलोअप तथा जोखिम भरे गर्भावस्था के रोगियों की विशेष निगरानी करने का निर्देश दिया। ताकि समय पर रेफरल एवं सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित कराया जा सके। बैठक में सभी स्वास्थ्य संस्थानों के आइपीडी एवं ओपीडी के मरीजों की इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकाॅर्ड में प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

मातृत्व स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार लाने के साथ-साथ जिले में अपेक्षाकृत अधिक टीएफआर को ध्यान में रखते हुए परिवार नियोजन कार्यक्रम को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। डीडीसी ने परिवार नियोजन की समीक्षा को लेकर अलग से बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया।इस दौरान जिलाधिकारी के निर्देश पर बलरामपुर एवं बारसोई में संचालित पायलट प्रोजेक्ट की भी समीक्षा हुई।

जिसके तहत स्वास्थ्य विभाग, आइसीडीएस एवं जीविका के समन्वय से सभी प्रखंडों में तीन-तीन पंचायतों का चयन कर तीन माह के पायलट प्रोजेक्ट के दौरान होम डिलीवरी को शून्य एवं संस्थागत प्रसव को शत-प्रतिशत सुनिश्चित कराने के लिए प्रयास किये जाने का निर्देश दिया गया। वहीं प्रत्येक बुधवार आयोजित संध्या चौपाल को इस अभियान के प्रभावी संवाद एवं जन-जागरूकता का माध्यम बनाने पर भी जोर दिया गया।

एम्बुलेंस सेवा के कम उपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए उप विकास आयुक्त ने सभी एम्बुलेंस का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान एक एम्बुलेंस का औसत ट्रिप 2.1 पर भी चिंता व्यक्त करते हुए डीडीसी ने जिले में संचालित 57 एम्बुलेंस के लिए प्रतिदिन न्यूनतम 5 कॉल प्रति एम्बुलेंस अर्थात लगभग 300 कॉल प्रतिदिन का लक्ष्य रखते हुए इसकी नियमित मॉनिटरिंग एवं समीक्षा का निर्देश दिया।बैठक में स्वास्थ्य विभाग के जिला एवः प्रखंडस्तरी पदाधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।

Share this news

Leave a Comment