सागर चंद्रा/किशनगंज
पुलिस महानिरीक्षक, पूर्णिया क्षेत्र डॉ विवेकानंद ने रविवार को किशनगंज जिले में विधि-व्यवस्था एवं पुलिसिंग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को लेकर समीक्षात्मक बैठक की।किशनगंज आगमन पर सर्वप्रथम पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया ।

बैठक में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार सिंह, सभी अंचल निरीक्षक एवं जिले के सभी थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था की स्थिति, अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों की समीक्षा सहित पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस महानिरीक्षक डॉ विवेकानंद ने संबंधित अधिकारियों से मामलों की प्रगति और अपराध नियंत्रण को लेकर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली।
आईजी ने अधिकारियों को विधि-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाए रखने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिसिंग में सक्रियता और सतर्कता बनाए रखने पर जोर दिया। बैठक में पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए।