न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

किशनगंज:वायरल वीडियो मामले में चौथा प्राथमिकी अभियुक्त गिरफ्तार

सागर चंद्रा/ किशनगंज

दिघलबैंक थाना क्षेत्र के तुलसिया हॉल्ट रेलवे स्टेशन पर विगत दिनों युवती के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस ने अबतक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले के फरार चौथे नामजद आरोपी को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दिघलबैंक थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिघलबैंक थाना क्षेत्र के जागीर दहीभात निवासी 24 वर्षीय शहजाद पिता मजीबुल के रूप में की गई है। घटना के बाद आरोपी फरार हो कर गुजरात चला गया था। आरोपी के वापस लौटने की सूचना के बाद पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान के क्रम में उसे गिरफ्तार कर लिया।


बताते चलें कि मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी टीम ने छापेमारी कर जागीर दहीभात निवासी शहजाद पिता शब्बीर, मिनाज उर्फ सलमान पिता असफाक आलम, खाड़ी बस्ती मुस्तफागंज निवासी अफसर आलम पिता तजेमुल को केस दर्ज होने के 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया था।जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी टीम के द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है।


दरअसल सोशल मीडिया में तुलसिया हाट स्टेशन का एक वीडियो गत 24 सितंबर की देर रात एसपी को व्हाट्सएप पर मिला था। लगभग चार माह पुराने वीडियो में पाया गया कि एक युवती को 8-9 लड़कों ने घेर रखा है। जबकि 4-5 लड़के उसे घेर कर मारपीट और दुर्व्यवहार कर रहे थे। जांच के दौरान दृश्यों के आधार पर पाया गया कि घटना दिघलबैंक थाना क्षेत्र स्थित तुलसिया हॉल्ट रेलवे स्टेशन की है।

जांच के दौरान प्राप्त वीडियो में शामिल लड़कों की पहचान मुस्तफागंज निवासी अफसर उर्फ हती पिता तजेमूल, श्रीपुर निवासी जुबेर खान पिता मोहम्मद बसीर, दहीभात निवासी मिज़ान उर्फ सलमान पिता जहागीर, कुम्हार टोली निवासी कामिल, पिता अशाहबुदीन और जागीरबस्ती निवासी शहजाद पिता सबीर के रूप में की गई थी। लेकिन घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गया था। जांच में पाया गया कि अफसर उर्फ हती गुजरात में, जुबेर खान हरियाणा में, मिज़ान उर्फ सलमान कर्नाटक में और कामिल पंजाब में रोजगार कर रहा है।


वहीं पीड़िता ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह अपने एक दोस्त से मिलने रेलवे तुलसिया रेलवे स्टेशन गई थी, जहां आसपास के गांव के कुछ लड़कों ने उन्हें देख लिया था। लड़कों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और पूछताछ करने लगे। इसी दौरान लड़कों ने तुम्हारा हिंदू दोस्त कैसे हो सकता है, ये कहते हुए मारपीट और दुर्व्यवहार करने लगे थे।

हालांकि घटना के बाद मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर पंचायती भी की गई थी और मामले को सुलझा लिया गया था। लेकिन जमुई और समस्तीपुर का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद कुछ लोगों ने चार माह पुराने इस वीडियो को भी वायरल कर दिया। पुलिस द्वारा मामले में पीड़िता के आवेदन पर दिघलबैंक थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।


एसपी ने बताया कि घटना में शामिल सभी अभियुक्तों के विरुद्ध साक्ष्य के आधार पर नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने वासियों से अपील करते हुए कहा कि घटना के बारे में लोगों के बीच भ्रामक खबर ना फैलायें और किसी भी अफवाह पर ध्यान ना दें। अफवाह और भ्रामक खबर फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी।

Share this news

Leave a Comment