सागर चंद्रा/ किशनगंज
घरेलू कार्य करने के दौरान एक मुक-बधिर लड़की को जहरीले सांप ने काट लिया। पहले तो उसे घटना का अहसास तक नहीं हुआ। लेकिन विषधर पर नजर पड़ते ही उसके होश उड़ गए। उसने फौरन इशारे से परिजनों को घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही परिजनों के बीच हड़कंप मच गया।
परिजनों ने आनन-फानन में ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के गोविंदपुर निवासी 17 वर्षीय चन्दना कुमारी पिता विजय कुमार को इलाज के लिए स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया। जहां से उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
चन्दना की गंभीर स्थिति को देखते हुए ड्युटी पर तैनात चिकित्सक और कर्मी उसे जीवनदान देने के प्रयास में जुट गए। एक के बाद एक 42 वाइल विषरोधी दवा दिये जाने के बाद उसकी स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होने लगी। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में गहन निगरानी में उसका इलाज जारी है। हालांकि चिकित्सक ने उसकी स्थिति को फिलहाल खतरे से बाहर बताया है।