टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत डाकपोखर पंचायत में रविवार को स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर सामूहिक स्वच्छता अभियान चलाया गया। पंचायत के स्वच्छता कर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पर्यटक स्थल बाबा बेणु महाराज के प्रांगण, राजीव गांधी सेवा केंद्र तथा आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान स्वच्छता कर्मियों ने परिसर एवं आसपास फैले कचरे को एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण किया।
साथ ही सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए लोगों को जागरूक किया गया। अभियान में पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मनोज कुमार यादव, स्वच्छता पर्यवेक्षक जगत नारायण मंडल, पंचायत के सभी जनप्रतिनिधि एवं स्वच्छता कर्मियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। विशेषकर पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों की स्वच्छता का सीधा संबंध क्षेत्र की पहचान और पर्यटकों के आकर्षण से जुड़ा है। ऐसे स्थलों को साफ-सुथरा रखने से यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर वातावरण मिल सकेगा।
स्वच्छता कर्मियों ने नियमित रूप से सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई करने तथा ग्रामीणों से कचरा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की। अभियान के माध्यम से पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को सामूहिक भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।