सागर चंद्रा/ किशनगंज
लंबित वेतन भुगतान व एजेंसी के द्वारा 30 हजार रूपये रिश्वत मांगने से नाराज सदर अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने दोषपूर्ण प्रदर्शन किया। इस दौरान फाल्कन प्राइवेट लिमिटेड नामक सुरक्षा एजेंसी के एरिया मैनेजर को सुरक्षाकर्मियों ने घेर लिया और जमकर अपनी भड़ास निकाली। कर्मियों के आक्रोशित रूख को देखकर एरिया मैनेजर ने भाग कर अपनी जान बचाई। हालांकि उन्होंने कंपनी के वरीय अधिकारियों को घटना से अवगत कराते हुए जल्द लंबित वेतन के भुगतान का आश्वासन दिया है।
बताते चलें कि सदर अस्पताल की सुरक्षा के लिए इलाइट फाल्कन प्राइवेट लिमिटेड नामक सुरक्षा एजेंसी के माध्यम से लगभग 60 सुरक्षाकर्मी तैनात किये गये हैं। लेकिन चार माह से वेतन भुगतान नहीं किए जाने से अब उनके समक्ष भुखमरी की नौबत आ गई है। रुपये बकाया रहने के कारण दुकानदार ने उन्हें राशन देना बंद कर दिया है। परिवार के बीमार सदस्यों का इलाज तक कराना नामुमकिन हो गया है।सुरक्षाकर्मियों का आरोप है कि जब अपने लंबित वेतन के भुगतान की मांग कंपनी के कर्मियों से की जाती है तो उनसे 30 हजार रूपये रिश्वत की मांग की जाती है।
कर्मी के द्वारा स्पष्ट कहा जाता है कि जब तक 30 हजार रूपये नहीं दोगे वेतन भुगतान नहीं किया जायेगा। हालांकि कुछ सुरक्षाकर्मियों को एक महिने का वेतन 9 हजार रूपये का भुगतान किया गया है, लेकिन उनपर भी बैंक से रुपये निकाल कर देने का दबाव बनाया जा रहा है।
सुरक्षाकर्मियों ने कंपनी के एरिया मैनेजर संजय कुमार साह के द्वारा रुपये मांगने का आरोप लगाया गया है। सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि अगर कंपनी के द्वारा आर्थिक दोहन बंद नहीं किया गया तो वे जिले के वरीय अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराने को बाध्य होंगे।