फलका /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के सोहथा दक्षिण पंचायत के गोपालपट्टी घाट गांव में अगलगी की घटना के बाद प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई। अंचल कार्यालय परिसर में आपदा योजना के तहत अग्निपीड़ित चार परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया गया।राजस्व अधिकारी नरेंद्रनाथ आनंद,अंचल नाजिर गोपाल यादव एवं मुखिया प्रतिनिधि अमित गुप्ता के हाथों पीड़ित परिवारों को प्लास्टिक,अग्नि किट, बाल्टी, जग सहित अन्य जरूरी सामग्री दी गई।
राजस्व अधिकारी ने बताया कि गोपालपट्टी घाट गांव में खाना पकाने के क्रम में अचानक आग लग गई थी।देखते ही देखते आग ने कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया।इस अगलगी की घटना में चार परिवारों के घरों में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया था।घटना के बाद पीड़ित परिवारों को तत्काल सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई ।
उन्होंने बताया कि सरकारी प्रावधान के अनुसार अग्निपीड़ित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई है, ताकि घटना के बाद उन्हें कुछ आवश्यक सामान के लिए परेशानी नहीं उठानी पड़े।राहत सामग्री मिलने के बाद पीड़ित परिवारों ने प्रशासन के प्रति आभार जताया।मौके पर स्थानीय प्रतिनिधि सहित अंचल कर्मी मौजूद रहे।