किशनगंज/सागर चंद्रा
नर्सिंग होम में महिला की मौत मामले की जांच कर रही टाउन थाने की पुलिस ने चार वर्षों बाद एक अप्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। बहादुरगंज थाना क्षेत्र के भकरनबाड़ी निवासी 26 वर्षीय मोहम्मद जीशान पिता मंजर आलम से आवश्यक पूछताछ के बाद शनिवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
बताते चलें कि सुखानी थाना क्षेत्र के दुराघाटी निवासी वाजुद्दीन ने प्रसव पीड़ा से जूझ रही बेटी प्यारी बेगम को गत 10 जून 2022 को ठाकुरगंज पीएचसी में भर्ती कराया था। जहां से उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसी बीच सिंघिया चौक स्थित अमन नर्सिंग होम का संचालक दलाल के माध्यम से उसे अपने नर्सिंग होम ले आया। जहां ऑपरेशन से प्यारी बेगम ने बेटी को जन्म दिया। इस दौरान नर्सिंग होम कर्मियों ने वाजुद्दीन से मोटी रकम ऐंठ ली थी।
लेकिन कुछ समय बाद ही प्यारी बेगम की तबीयत बिगडने लगी। बार बार डॉक्टर को बुलाने की गुजारीश की गई लेकिन डॉक्टर नही आया। जिस कारण कुछ देर बाद ही प्यारी की मौत हो गई थी। घटना से आक्रोशित परिजनों ने नर्सिंग होम में जमकर हंगामा किया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया था। वाजुद्दीन की लिखित शिकायत पर नर्सिंग होम संचालक इमरान खान, इकबाल हुसैन, दलाल सहित अन्य कर्मियों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई थी।