पत्नी ने जताई हत्या की आशंका तीन बेटियों और एक बेटे के सिर से उठा पिता का साया
कोढ़ा/कटिहार-कोढ़ा थाना क्षेत्र के गोढ़ी पचमा धार में शनिवार की अहले सुबह उस समय सनसनी फैल गई। जब शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने धार में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ देखा। शव मिलने की खबर फैलते ही देखते – देखते ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना कोढ़ा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को धार से बाहर निकालकर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों में से एक ने शव की पहचान बरारी थाना क्षेत्र निवासी मुन्ना सोरेन (48) के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी।मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस के साथ परिजन कोढ़ा थाना पहुंचे, जहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया गया।
मृतक की पत्नी सोनामुनी देवी के आवेदन पर पुलिस द्वारा मामला दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही थी। पत्नी ने अपने पति की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य बिंदुओं के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। मुन्ना सोरेन अपने पीछे पत्नी समेत तीन पुत्रियों और एक पुत्र को छोड़ गए हैं।
एक पुत्री काजल सोरेन की शादी हो चुकी है। जबकि पुत्र छोटू और दो दिव्यांग पुत्रियां प्रिया एवं गीता के सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार के लिए अचानक आये इस त्रासदी ने जीवनभर के सहारे को छीन लिया है। घर में जहां कुछ समय पहले तक परिवार की जिम्मेदारियों और भविष्य को लेकर उम्मीदें थीं।वहीं अब मातम पसरा हुआ है।पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के बाद ही मुन्ना सोरेन की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।