विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ
भारत-नेपाल सीमा से सटे टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 12वीं वाहिनी की ओर से सीमावर्ती ग्रामीणों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सोलर स्ट्रीट लाइट स्थापित की गई। शनिवार को 12वीं वाहिनी एसएसबी किशनगंज के कमांडेंट स्वर्ण जीत शर्मा के दिशा-निर्देशन में एफ समवाय सीमा चौकी बेरिया के कार्यक्षेत्र अंतर्गत जीवंत गांव पिपरा एवं चिचोरा में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई गई।
सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थापना सहायक कमांडेंट बलदेव सिंह की मौजूदगी में की गई। इस दौरान एसएसबी के जवानों के साथ स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे। लाइट लगने से दोनों गांवों में रात्रि के समय आवागमन के दौरान ग्रामीणों को रोशनी की सुविधा मिलेगी। साथ ही अंधेरे के कारण होने वाली परेशानियों में कमी आने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में ग्रामीणों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार की पहल की जा रही है। सोलर स्ट्रीट लाइट के माध्यम से बिजली पर निर्भरता के बिना गांवों में प्रकाश की व्यवस्था उपलब्ध होगी।
ग्रामीणों ने एसएसबी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि रात के समय गांव में रोशनी की व्यवस्था होने से लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। एसएसबी की यह पहल सीमावर्ती एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के साथ-साथ स्थानीय समुदाय के साथ विश्वास, सहयोग और समन्वय को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।