महेशबथना में 200 पौधे लगाए, मरीजों को मुफ्त दवाइयां भी वितरित
सोनभद्र संवाददाता/किशनगंज
सेवा संकल्प अभियान के तहत मंडल किशनगंज ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र, महेशबथना में शनिवार को ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत नि:शुल्क चिकित्सा शिविर एवं वृक्षारोपण अभियान चलाया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष लखविंदर सिंह ने किया। जिला चिकित्सा मंच के संयोजक डॉ. प्रमोद द्विवेदी के नेतृत्व में आयोजित चिकित्सा शिविर में करीब 400 रोगियों की जांच एवं इलाज किया गया। मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ मुफ्त दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।

वहीं, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता के नेतृत्व में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में 200 पौधे लगाए गए। आयोजकों ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष गोपाल मोहन सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। सेवा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े इस आयोजन को लेकर लोगों में उत्साह देखा गया।