मुरलीधर झा/दिघलबैंक
प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय कंचननाला गुवाबाड़ी में कार्यरत शिक्षक नाजीर आलम के स्थानांतरण के उपरांत शनिवार को विद्यालय परिसर में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों ने उनके 19 वर्षों के लंबे शैक्षणिक सेवाकाल को याद करते हुए भावभीनी विदाई दी।
नाजीर आलम ने प्राथमिक विद्यालय कंचननाला में लगातार 19 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं। अब उनका स्थानांतरण कोचाधामन प्रखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय कालोसोनी में किया गया है।
विदाई समारोह के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से उनके शैक्षणिक योगदान, समर्पण एवं विद्यालय के प्रति सेवाभाव की सराहना की गई। इस अवसर पर उन्हें कलम एवं डायरी भेंट कर सम्मानित किया गया। शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नए कार्यस्थल पर भी बेहतर सेवाएं देने की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक विनोद कुमार, शिक्षक महशर आलम, उबैदुल्ला, राशिद आलम, हाजी मुनाजिर अहसन, अकील आलम, नौसाद आलम, साबिर आलम सहित विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।