संवाददाता:राहुल कुमार
सीमावर्ती किशनगंज जिले में लोक आस्था और सूर्योपासना का महापर्व छठ पूरे श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। महापर्व के तीसरे दिन रविवार को जिले के विभिन्न छठ घाटों पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। बहादुरगंज, टेढ़ागाछ, ठाकुरगंज, दिघलबैंक, पोठिया, किशनगंज एवं कोचाधामन प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों पर लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
पारंपरिक वेशभूषा में सजे छठ व्रती और श्रद्धालु हाथों में फल, फूल, नारियल एवं पूजन सामग्री से सजे दउरा लेकर घाटों पर पहुंचे और अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित करने के लिए उमड़ पड़ी है।
घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों और भक्तिमय जयघोष से पूरा वातावरण आध्यात्मिक रंग में सराबोर हो उठा। हर तरफ श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील घाटों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात एवं विधि-व्यवस्था पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।