न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठव्रतियों ने की सुख-समृद्धि की कामना, घाटों पर रही श्रद्धालुओं की भीड़

टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र में लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा रविवार को श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छठव्रतियों ने विभिन्न छठ घाटों एवं जलाशयों में पहुंचकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को विधि-विधान के साथ अर्घ्य अर्पित किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। छठी मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा। छठ पर्व को लेकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था की गई थी। इसी क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार अंचल अधिकारी शशि कुमार व थानाध्यक्ष दिलशाद खा ने संयुक्त रूप से विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दोनों पदाधिकारी सुहिया रेतुआ नदी छठ घाट पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र के सभी छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

प्रशासन की ओर से पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।संध्या अर्घ्य के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण छठी मैया की भक्ति में सराबोर नजर आया।

Share this news

Leave a Comment