न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

सीमा सुरक्षा को लेकर एसएसबी-दिघलबैंक पुलिस की समन्वय बैठक, तस्करी रोकने और संयुक्त गश्त पर बनी सहमति

मुरलीधर झा/दिघलबैंक

सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा तस्करी, सीमा-पार अपराध एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने को लेकर शनिवार को ‘बी’ समवाय, दिघलबैंक में एसएसबी एवं बिहार पुलिस के बीच समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक कमांडेंट स्वर्ण जीत शर्मा की अध्यक्षता में हुई।

बैठक में दिघलबैंक थाना के उप-निरीक्षक राजेश कुमार दास, ‘बी’ समवाय प्रभारी सहायक कमांडेंट मनोज कुमार एवं निरीक्षक (सा.) राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


बैठक के दौरान सीमावर्ती क्षेत्र की वर्तमान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई। क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और सतर्कता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

सीमावर्ती क्षेत्र में तस्करी, सीमा-पार अपराध और अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए आपसी सहयोग को और मजबूत करने तथा महत्वपूर्ण सूचनाओं का समयबद्ध आदान-प्रदान सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। संदिग्ध व्यक्तियों, अपराधियों एवं संदिग्ध गतिविधियों से संबंधित सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने को लेकर भी रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।


सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए संयुक्त नाका, संयुक्त गश्त और आवश्यकता के अनुसार संयुक्त अभियान चलाने पर भी चर्चा हुई। किसी भी अप्रिय घटना, आकस्मिक स्थिति या कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या उत्पन्न होने पर दोनों पक्षों के बीच तत्काल समन्वय स्थापित कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने पर सहमति बनी।

बैठक में सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा के साथ-साथ स्थानीय लोगों के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। सीमा क्षेत्र में प्रभावी प्रभुत्व बनाए रखने के लिए नाका एवं संयुक्त गश्त जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही गई।


इसके अलावा सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं को खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने, उनमें सकारात्मक सोच, अनुशासन एवं आपसी भाईचारे की भावना विकसित करने के लिए आवश्यक पहल किए जाने पर भी चर्चा हुई।

बैठक के अंत में सीमावर्ती क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए एसएसबी और बिहार पुलिस के बीच नियमित संपर्क, आपसी सहयोग एवं बेहतर समन्वय को लगातार मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की गई।

Share this news

Leave a Comment