किशनगंज/प्रतिनिधि
पोठिया प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय बिरनाबाड़ी में शनिवार को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में विद्यालय में बच्चों के शैक्षणिक विकास, निपुण लक्ष्यों की प्राप्ति तथा अभिभावकों की विद्यालयी गतिविधियों में सहभागिता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित चित्रकारी प्रतियोगिता में शामिल बच्चों की चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रतियोगिता का विषय ‘विकसित भारत @2047’ रखा गया था। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मकता के माध्यम से विकसित भारत की अपनी परिकल्पना को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। अभिभावकों ने बच्चों की कलात्मक अभिव्यक्तियों का अवलोकन किया और उनकी सराहना की।
संगोष्ठी में अभिभावकों को निपुण के लक्षणों की जानकारी देते हुए बताया गया कि बच्चों के समग्र विकास के लिए उनकी बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान का मजबूत होना अत्यंत आवश्यक है। बच्चों का सहज रूप से पढ़ना, लिखना एवं गणना करना उनके आगे के शैक्षणिक विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला है। विद्यालय और घर दोनों स्तरों पर बच्चों को नियमित अभ्यास एवं सीखने का अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।
प्रधान शिक्षिका निधि चौधरी ने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति, घर पर पढ़ाई के लिए समय देने तथा विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विकास और बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए विद्यालय और अभिभावकों की साझेदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
संगोष्ठी में उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय में किए जा रहे शैक्षणिक एवं रचनात्मक कार्यों की सराहना की तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय के साथ निरंतर सहयोग का भरोसा दिलाया।कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।