किशनगंज: आदर्श थाना क्षेत्र के दौला पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अखलाकुर हुसैन ने कुछ लोगों पर चारपहिया वाहन से घेरकर हथियार के बल पर धमकाने, मारपीट करने, नकदी व सोने की चेन छीनने तथा सरकारी दस्तावेजों में आग लगाने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर उन्होंने आदर्श थाना में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2013-14 में दौला पंचायत में पंचायत भवन निर्माण के लिए जमीन की आवश्यकता थी। इस दौरान तत्कालीन पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मोहम्मद सिताबुद्दीन द्वारा करीब एक बीघा जमीन राज्यपाल, बिहार सरकार के नाम दानपत्र के माध्यम से दी गई थी। बाद में उक्त जमीन पर पंचायत भवन का निर्माण कराया गया।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2023 में पंचायत भवन दूसरी जगह बनाए जाने के बाद से मोहम्मद सिताबुद्दीन उनसे रंजिश रखने लगे और चौक-चौराहों पर उनके बारे में आपत्तिजनक बातें करते रहे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्हें तथा उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी जाती रही।
चार गाड़ियों से घेरकर हथियार दिखाने का आरोप
थाना में दिए गए शिकायत के मुताबिक, 24 सितंबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे पंचायत भवन जाने के दौरान दौला चौक पर मोहम्मद सिताबुद्दीन, अनवार आलम, जुबैर आलम समेत अन्य लोगों ने चार चारपहिया वाहनों से उन्हें घेर लिया। आरोप है कि उन्हें जबरन गाड़ी से उतारकर सिर पर बंदूक सटाई गई और जान से मारने की धमकी दी गई।श्री हुसैन ने बताया कि सिताबुद्दीन का पुराना अपराधिक इतिहास है और कोचाधामन एवं किशनगंज में उसके खिलाफ मामला दर्ज है
मुखिया प्रतिनिधि ने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके पास रखे करीब पांच लाख रुपये नकद और करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन जबरन ले ली गई। साथ ही उनकी चारपहिया गाड़ी से जरूरी सरकारी दस्तावेज निकालकर उसे लाइटर से आग लगाकर नष्ट करने का भी आरोप लगाया गया है।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि जमीन से संबंधित रकम को लेकर धमकी दी गई और कथित तौर पर परिवार को बम से उड़ाने की बात कही गई। शिकायतकर्ता ने एक अन्य व्यक्ति को झूठे आपराधिक मामले में फंसाने की साजिश रचने का भी आरोप लगाया है।
अब्दुलाकुर हुसैन ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि मामले की जानकारी पंचायत के आमलोगों को है।
पुलिस ने आवेदन के आधार पर थाना कांड संख्या 1063/26 दर्ज कर लिया है और अग्रतर कारवाई में जुट गई है।