रेलकर्मियों ने बिखेरी प्रतिभा की छटा
कटिहार – पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के कटिहार रेल मंडल में फणीश्वर नाथ रेणु सीनियर इंस्टीट्यूट में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। आयोजन में गीत, संगीत, नृत्य और नाटक की मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरा माहौल सांस्कृतिक रंग में रंग गया। कार्मिक शाखा कटिहार के तत्वावधान में ‘मंडल नृत्य, नाटक एवं संगीत प्रतियोगिता 2026-27’ का भव्य आयोजन किया गया।
जिसमें रेल कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कलाकारों ने शास्त्रीय एवं सुगम संगीत, पारंपरिक एवं आधुनिक नृत्य के साथ सामाजिक एवं प्रेरणादायी विषयों पर आधारित नाटकों की प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। सिंथेसाइजर सहित विभिन्न वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों और कलाकारों की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। उपस्थित अधिकारियों एवं रेलकर्मियों ने प्रतिभागियों के हुनर और मंचीय प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की।
आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीआरएम किरेंद्र नरह ने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां कर्मचारियों की रचनात्मक प्रतिभा को सामने लाने के साथ-साथ कार्यस्थल पर सकारात्मक ऊर्जा और आपसी सहयोग को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रेलकर्मियों के बीच छिपी प्रतिभाओं को उचित मंच देना रेल परिवार के लिए गौरव की बात है।
वहीं रेलवे महिला समिति की अध्यक्ष निवेदिता नरह ने कहा कि संगीत, नृत्य और नाटक जैसी गतिविधियां व्यक्तित्व विकास के साथ समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। ऐसे आयोजन रेल परिवार के सदस्यों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन रेल परिवार में आपसी जुड़ाव, रचनात्मकता और सकारात्मक सोच को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मौके पर मुख्य अतिथि के साथ एडीआरएम मनोज कुमार सिंह,सीनियर डीसीएम अनूप कुमार सिंह, सीनियर डीपीओ अंजनी प्रसाद श्रीवास्तव, सीनियर डीइई पंकज पाल सहित सभी रेल अधिकारी वो कर्मी एवं कलाकारों के परिजन आदि सैकड़ों की संख्या में मौजूद रहे।