संवाददाता/किशनगंज
शहर के अति व्यस्ततम इलाकों में शुमार बिहार बस स्टैंड के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दिनदहाड़े एक बेखौफ उच्चक्के ने राहगीर के हाथ से मोबाइल झपट लिया। हालांकि, आरोपीत अपनी चालाकी में कामयाब होता, उससे पहले ही स्थानीय लोगों और दुकानदारों की मुस्तैदी से उसे खदेड़कर रंगे हाथ धर दबोचा गया। पिटने के डर से आरोपीत मौके पर गुहार लगाता रहा, जिसके बाद लोगों ने उसे टाउन थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित व्यक्ति बस स्टैंड के पास खड़ा होकर फोन पर बात कर रहा था, तभी मौका देखकर शातिर युवक अचानक से आया और हाथ से मोबाइल छीनकर तेजी से भागने लगा। पीड़ित के अचानक ‘चोर-चोर’ चिल्लाने पर पास मौजूद फल विक्रेताओं, ऑटो चालकों और स्थानीय दुकानदारों ने फुर्ती दिखाई। लोगों ने पीछा कर कुछ ही दूरी पर भाग रहे युवक को चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया।
बदमाश के पकड़े जाते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। गुस्साए लोगों ने पहले तो युवक की क्लास लगाई, फिर तुरंत इसकी सूचना टाउन थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही टाउन थाने की गश्ती पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुँची और आरोपीत को भीड़ के चंगुल से निकालकर अपने कब्जे में ले लिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने कहा को पीड़ित के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी ।