सागर चंद्रा/ किशनगंज
एसपी संतोष कुमार ने कोढ़ोबाड़ी थाना के अपर थानाध्यक्ष एस आई प्रमोद कुमार यादव को निजी स्वार्थ के लिए अवैध कार्यों में लिप्त व्यक्तियों के साथ सांठ-गाँठ रखने के आरोप में निलंबित कर दिया है। प्रमोद कुमार यादव पर आरोप लगाया गया था कि उन्होंने कुछ व्यक्तियों से सांठगांठ कर बाइक, पिक-अप और ट्रैक्टर वाहन को मुक्त कर दिया है।
दरअसल एसपी को कोढ़ोबारी थानाध्यक्ष के द्वारा कोढ़ोबारी थाना में पदस्थापित अपर थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार यादव के बारे में लिखित प्रतिवेदन दिया गया था। प्रतिवेदन में कहा गया था कि गत 5 सितंबर की रात लोहागाड़ा चौक से लावारिस स्थिति में एक बाइक बरामद किया गया था। जिसे एसएसबी कैम्प कंचनबाड़ी में सुरक्षित रखा गया था।
लेकिन अपर थानाध्यक्ष ने घटना के अगले दिन बिना किसी कागजी प्रक्रिया या थाना दैनिकी में प्रविष्टि किए बगैर छोड़ दिया था। इसके बाद गत 13 सितंबर को छापेमारी के दौरान जप्त किए गए अवैध खाद लदे पिकअप वाहन को थाना लाते वक्त खरखरिया चौक के पास छोड़ दिया और किसी वरीय पदाधिकारी को सूचित भी नहीं किया था।
इतना ही नहीं गत 23 सितंबर को भी दिवा गश्ती के दौरान लक्ष्मीपुर नदी में अवैध खनन करते ट्रैक्टर को बिना किसी कानूनी कार्रवाई के छोड़ दिया था। जांच में थानाध्यक्ष के द्वारा लगाए गए आरोप को सत्य पाये जाने पर एसपी ने अपर थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार यादव को कर्त्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, अवैध गतिविधि में संलिप्तता, संदिग्ध आचरण, नैतिक अधमता, स्वेछाचारिता, रिश्वतखोरी, अवैध उगाही के आलोक में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उनसे 7 दिनों के भीतर विभागीय कार्रवाई के लिए स्पष्टीकरण की मांग की गई है।
साथ ही एसडीपीओ टू मनोज कुमार को पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कर 4 दिनों के भीतर प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया है।
एसपी ने कहा कि कर्तव्य के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या भ्रष्ट आचरण के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। दोषी पाए जाने वाले किसी भी पदाधिकारी या कर्मी के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।