विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ
प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी का पर्व श्रद्धा एवं आस्था के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भगवान अनंत की विधिवत पूजा-अर्चना की। व्रतियों ने अनंत चतुर्दशी भगवान की कथा सुनी और सुख-समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना को लेकर पूजा की। पर्व को लेकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर भगवान अनंत की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना के साथ मेले का भी आयोजन किया गया।

चिल्हनियां पंचायत के चैनपुर एवं आमबाड़ी में विशेष रूप से मेले का आयोजन हुआ। यहां आसपास के साथ-साथ दूर-दराज की पंचायतों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भगवान अनंत की प्रतिमा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-शांति की कामना की। मेले में बच्चों और महिलाओं की भी अच्छी-खासी भीड़ देखी गई।
बच्चों ने झूले, खिलौने एवं विभिन्न मनोरंजन के साधनों का आनंद लिया, जबकि लोगों ने मेले में लगी दुकानों से जरूरत के सामान एवं खान-पान की सामग्री की खरीदारी की। देर शाम तक मेला परिसर में लोगों की आवाजाही बनी रही। पर्व को लेकर स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने बताया कि अनंत चतुर्दशी पर भगवान विष्णु के अनंत स्वरूप की पूजा करने की धार्मिक परंपरा है। श्रद्धालु इस दिन व्रत रखकर कथा श्रवण एवं विधि-विधान से पूजा करते हैं। पूजा और मेले को लेकर स्थानीय स्तर पर विशेष तैयारियां की गई थीं।