संवाददाता/ किशनगंज
डॉ. कलाम कृषि महाविद्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के. सतनारायणन के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रभारी डॉ. मुकुल कुमार,डा लव कुमार,डॉ. आरती शर्मा एवं डॉ. अनुश्री की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर महाविद्यालय के विभिन्न स्तरों के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने एक लय, एक सुर और एक स्वर में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया।
पूरे महाविद्यालय परिसर में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।इस अवसर पर विद्यार्थियों को ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक महत्व तथा भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में इसकी प्रेरणादायी भूमिका से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि मातृभूमि के प्रति सम्मान, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना का प्रतीक है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ सहभागिता की। आयोजन के दौरान महाविद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों एवं ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से गुंजायमान रहा।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने तथा देश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।