अररिया/अरुण कुमार
जिला मुख्यालय स्थित चांदनी चौक पर शुक्रवार को राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान राजद कार्यकर्ता हाथों में विभिन्न स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं ने ‘‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’’ और ‘‘लोकतंत्र की हत्या बंद करो’’ जैसे नारे लगाए।
राजद नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर अब सवाल उठ रहे हैं और आयोग भाजपा के पक्ष में काम कर रहा है। नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर पद के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि गलत तरीके से एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) कराकर लाखों मतदाताओं को मतदान के अधिकार से वंचित किया गया है।
राजद नेताओं ने कहा कि उनकी मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें तथा मतदाता सूची से संबंधित मामले की निष्पक्ष समीक्षा कर वंचित मतदाताओं को उनका अधिकार सुनिश्चित किया जाए।