सोनभद्र संवाददाता/ किशनगंज
स्थानीय रेलवे स्टेशन परिसर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम में घुसकर छेड़छाड़ और तोड़फोड़ करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शहर के तांती बस्ती वार्ड नंबर चार निवासी 26 वर्षीय रोहित दास पिता रामू दास के रूप में की गई है। स्थानीय रेल थाने में आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज कर पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में कटिहार जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार अल सुबह रोहित चुपके से एटीएम में घुसकर छेड़छाड़ और तोड़फोड़ कर रहा था। लेकिन उसकी नापाक हरकत के कारण अलार्म बज गया। साथ ही ब्रांच मैनेजर थांग खोलेन टुबोई की मोबाइल में भी अलर्ट मैसेज आ गया।
अलार्म की तेज आवाज और ब्रांच मैनेजर की सूचना पर रेल पुलिस और टाउन थाने की पुलिस फौरन मौके पर पहुंच गई। लेकिन पुलिस को देखते ही आरोपी मौके से भागने लगा। जिसे जवानों ने पीछा कर दबोच लिया।
जांच में पाया गया कि आरोपी ने एटीएम की सुरक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरे के साथ साथ डायलर पैड को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया है। लेकिन एटीएम में रखे रुपये सुरक्षित बच गए थे। बहरहाल ब्रांच मैनेजर के लिखित शिकायत पर रेल थाना में केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।