सागर चंदा/ किशनगंज
तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से रेलवे गुमटी संख्या एसके 311 का स्लाइडिंग बैरियर क्षतिग्रस्त हो गया। ड्यूटी पर तैनात गेटमैन के द्वारा घटना की जानकारी दिये जाने के बाद आरपीएफ अधिकारी एके वर्मा दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने यूपी 21 सीटी 8745 नंबर की ट्रक को जब्त कर लिया।
जबकि उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिला स्थित बाघा मैनाथर निवासी ट्रक चालक नेकपाल पिता जयराम को हिरासत में लेकर उसे पूछताछ के लिए आरपीएफ थाने लाया गया। चालक ने बताया कि वह ट्रक लेकर एन एच पर जा रहा था। रेलवे गुमटी पार करने के दौरान ट्रक गेट के स्लाइडिंग बैरियर के रेस्ट पोस्ट से टकरा गया।
जिससे रेस्ट पोस्ट क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के कारण कुछ देर के लिए सड़क और रेल यातायात बाधित हो गया था और रेल सुरक्षा में भी खतरा उत्पन्न हो गया था। हालांकि पूछताछ के बाद चालक से बांड भरा कर उसे रिहा कर दिया गया। मामले को लेकर आरपीएफ थाने में रेलवे एक्ट की धारा 154,159 के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।