सागर चंद्रा/ किशनगंज
शादी करने का झांसा देकर ठाकुरगंज थाना क्षेत्र निवासी नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने जब आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया तो उसने पीड़िता का अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने लगा। आरोपी के द्वारा लगातार तीन वर्षों तक दुष्कर्म किए जाने और शादी करने से इंकार किये जाने पर पीड़िता इंसाफ की गुहार लगाने महिला थाने पहुंच गई। जहां पीड़िता के लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी जान-पहचान पूर्व से ही ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के कटहल डांगी निवासी 23 वर्षीय मोहम्मद अमन पिता रउफ आजम के साथ थी। गत 28 जुलाई 2023 को वह मुहर्रम का मेला देखने गई थी। जहां उसकी मुलाकात अमन के साथ हो गई। अमन ने उसे घर छोड़ देने का झांसा देकर अपनी बाइक पर बैठा लिया और बांस झाड़ में ले गया।
जहां अमन ने नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और दुष्कर्म किया। होश में आने के बाद जब पीड़िता ने विरोध किया तो अमन ने उसे शादी करने का झांसा दिया। जिससे पीड़िता उसके झांसे में आ गई। वहीं अमन इसका फायदा उठाकर पीड़िता के साथ लगातार दुष्कर्म करने लगा। उसने अपने मोबाइल से घटना का वीडियो भी बना लिया था। पीड़िता जब भी अमन पर शादी करने का दबाव बनाती थी तो वह वीडियो वायरल करने की धमकी देता था।
जिससे पीड़िता भयभीत हो गई थी। विगत दिनों अमन रोजगार की तलाश में मुंबई चला गया। लेकिन मोबाइल से दोनों बातें करते रहे। गत 16 सितंबर को अमन मुंबई से घर वापस लौटा। जिसकी जानकारी मिलते ही पीड़िता अमन के घर जा पहुंची।
लेकिन शादी की बात सुनते ही अमन के परिजनों ने उसे बंधक बना कर बेरहमी से पिटाई कर दी। रात भर पिटाई करने के बाद दूसरे दिन उसे ठाकुरगंज थाने के पास लाकर छोड़ दिया। जहां से वह किसी तरह अपने घर पहुंची। परिजनों को घटना की जानकारी दिये जाने के बाद परिजन उसे लेकर शिकायत दर्ज कराने के लिए महिला थाने पहुंच गए।
महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि पीड़िता के लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।