न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

आग लगने से पांच परिवारों का घर जलकर राख,लाखों का नुकसान

फलका/ कटिहार -थाना क्षेत्र के सोहथा दक्षिण पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या पांच के गोपालपट्टी घाट गांव में गुरुवार को चूल्हे से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते पांच परिवारों के आशियाने को राख में तब्दील कर दिया। तीनपुलिया के समीप बिशनदेव मंडल के घर में खाना बनाने के दौरान अचानक आग लग गई आग इतनी तेजी से फैला कि आसपास के घर भी इसकी चपेट में आ गए।

अगलगी में घर में रखा अनाज, कपड़ा, बर्तन, पलंग, कुर्सी, टेबल, नकदी, जेवरात, फर्नीचर समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया। एक बाइक भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गई ।

जानकारी ग्रामीणों के अनुसार आग सबसे पहले बिशनदेव मंडल के घर में लगी। देखते ही देखते आग की लपटें विकराल हो गईं और आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता ऐसी थी कि पीड़ित परिवारों को घर से सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला।

ग्रामीणों ने अपने सूझ बूझ से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण आग पर तत्काल काबू नहीं पाया जा सका। सूचना मिलने पर अग्निशमन वाहन भी घटनास्थल पर पहुंचा। जिसके बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। अगलगी पीड़ित बिशनदेव मंडल,कल्पना देवी, पति पंकज कुमार मंडल, सोनी कुमारी पति बिट्टू मंडल, गुड़िया देवी पति नितीश मंडल और अन्नू कुमारी पति चुन्ना कुमार मंडल के घर आग की चपेट में आने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

आग बुझने के बाद घटनास्थल का दृश्य बेहद मार्मिक था। जिन परिवारों ने वर्षों की मेहनत से अपना आशियाना बसाया था ।उनकी आंखों के सामने कुछ ही देर में सब कुछ राख हो गया। घर जलने के बाद पीड़ित परिवार के सदस्य सड़क किनारे बैठकर रोते-बिलखते रहे ।

घटनास्थल पर पहुंच कर राजस्व कर्मचारी अगलगी परिवार का जांच पड़ताल कर जायजा लिया।घटना की जानकारी मिलने पर सोहथा दक्षिण पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अमित कुमार गुप्ता एवम् पंचायत समिति सदस्य लखनदेव ठाकुर घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों ने पीड़ित परिवारों से मिलकर उनकी स्थिति की जानकारी ली और प्रशासन से जल्द उचित मुआवजा दिलाने की मांग की गई।

Share this news

Leave a Comment