समेली/कटिहार – प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में बुधवार को पंचायत समिति सदस्यों की सामान्य बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत पश्चिमी चांदपुर पंचायत की पंचायत समिति सदस्य प्रीति देवी के पति एवं पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि सुदेश कुमार मंडल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। सुदेश कुमार मंडल पंचायत समिति सदस्य प्रीति देवी के प्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र में सक्रिय रहते थे।
सामाजिक कार्यों एवं जनसेवा के क्षेत्र में भी उनका योगदान रहा। बताया गया कि वे पिछले कई वर्षों से अस्वस्थ चल रहे थे। पिछले सप्ताह हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया। उनके निधन से समेली प्रखंड क्षेत्र में शोक की लहर है। पंचायत समिति की बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में प्रखंड प्रमुख अनुकंपा कुमारी, उप प्रमुख कंचन देवी, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रकाश कुमार, अंचलाधिकारी प्रिय रंजन कुमार, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी मोहम्मद हाशिम सहित मुखिया रंजन देवी, अनीता देवी, राजेश कुमार मंडल, राजीव कुमार मंडल, मनीष ठाकुर, पंचायत समिति सदस्य विलास हरि, बबीता देवी, अमरेंद्र माधव, धनेश्वर मंडल, रेणु देवी, नीतू देवी सहित अन्य पंचायत समिति सदस्य, प्रखंड एवं अंचल के कर्मी तथा पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में उपस्थित लोगों ने कहा कि सुदेश कुमार मंडल का सरल सामाजिक व्यवहार, जनसेवा के प्रति समर्पण और लोगों के साथ उनका जुड़ाव लंबे समय तक याद किया जाएगा।