न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

कालियागंज से भागलपुर पहुंचानी थी स्मैक, दंपति को पुलिस ने दबोचा

चेथरियापीर में दंपति को पुलिस ने दबोचा
आईटीबीपी कैंप के पास बस का इंतजार कर रहे थे दोनों

तलाशी में 204.9 ग्राम स्मैक बरामद

कोढा /कटिहार- कोढ़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक के साथ एक दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों कालियागंज से स्मैक लेकर भागलपुर डिलीवरी के लिए जा रहे थे। पूर्णिया से ऑटो पकड़कर दोनों पति-पत्नी कोढ़ा थाना क्षेत्र के चथरियापीर स्थित आईटीबीपी कैंप के समीप पहुंचे थे। यहां दोनों भागलपुर जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे।

इसी दौरान कोढ़ा पुलिस को दंपती के संदिग्ध गतिविधियों की भनक लगी। सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना के अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार पुलिस टीम के साथ चेथरियापीर स्थित आईटीबीपी कैंप के पास पहुंचे। पुलिस को देखते ही दोनों पति-पत्नी भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस जवानों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए मजिस्ट्रेट सह कोढ़ा अंचलाधिकारी संजीव कुमार की मौजूदगी में दोनों की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान महिला के पर्स से स्मैक का एक पैकेट बरामद हुआ। वहीं उसके पति की जींस की जेब से भी स्मैक का एक पैकेट और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों के पास से कुल 204.9 ग्राम स्मैक बरामद हुआ है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार और उसकी पत्नी लुक्खी कुमारी के रूप में हुई है। दोनों शांतिनगर मुखरी टोला, थाना गोपालपुर, जिला भागलपुर के रहने वाले बताए गए हैं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद स्मैक कहां से लाया गया था और इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। कार्रवाई में अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार के साथ एसआई मनोहर कुमार,एसआई कौशल कुमार, एसआई विनीता कुमारी, महिला पुलिस बल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।

Share this news

Leave a Comment