न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

नॉन इंटरलाकिंग कार्य से ट्रेनों के परिचालन में हुआ बदलाव,कई ट्रेनें रद्द और कई के बदले मार्ग

कटिहार -पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल में चल रहे प्री-नॉन इंटरलॉकिंग एवं नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण कटिहार रेल मंडल से होकर गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। कार्य के दौरान कुछ ट्रेनें पूर्ण रूप से रद्द रहेंगी, जबकि कई ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द करने के साथ उनके मार्ग एवं ठहराव में भी बदलाव किया गया है।

इस संबंध में कटिहार रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह जनसंपर्क अधिकारी अनूप कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे द्वारा संरक्षा एवं आधारभूत संरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से यह तकनीकी कार्य कराया जा रहा है। इस दौरान ट्रेन संख्या 28181 टाटा-कटिहार एक्सप्रेस 30 सितंबर एवं 3 अक्टूबर को, जबकि 28182 कटिहार-टाटा एक्सप्रेस 2 एवं 5 अक्टूबर को रद्द रहेगी जबकि ट्रेन संख्या 15714 पटना-कटिहार इंटरसिटी 21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक पटना-बरौनी के बीच रद्द रहेगी और बरौनी से संचालित होगी।

वहीं 15713 कटिहार- पटना इंटरसिटी इसी अवधि में बरौनी-पटना के बीच रद्द रहेगी तथा बरौनी तक ही जाएगी। इसके अलावा एनआई कार्य के कारण वंदे भारत सहित लगभग दो दर्जन ट्रेनों के मार्ग को परिवर्तित कर निर्धारित तिथि में रेल प्रशासन द्वारा परिचालित किया जायेगा। जिसमें ट्रेन नंबर 22233/22234 न्यू जलपाईगुड़ी- पटना वंदे भारत एक्सप्रेस निर्धारित तिथियों में परिवर्तित मार्ग बरौनी-शाहपुर पटोरी-पाटलिपुत्र से चलेगी। इस दौरान पटना साहिब स्टेशन पर इसका ठहराव नहीं रहेगा।

इसी प्रकार 15657/ 15658 ब्रह्मपुत्र मेल डीडीयू -गया-किऊल होकर चलेगी। इसके कारण आरा, दानापुर, पटना, बख्तियारपुर सहित कुछ निर्धारित स्टेशनों पर इसका ठहराव नहीं होगा। इसके अलावा 13281/ 13282 डिब्रूगढ़-राजेंद्र नगर एक्सप्रेस, 15623/15624 कामाख्या-भगत की कोठी एक्सप्रेस, 15647/ 15648 गुवाहाटी-एलटीटी एक्सप्रेस, 15483/15484 अलीपुरद्वार-दिल्ली महानंदा एक्सप्रेस, 13247/13248 कामाख्या-आरा एक्सप्रेस एवं 13245/13246 एनजेपी-आरा एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों का परिचालन भी विभिन्न तिथियों में परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा।

सीनियर डीसीएम अनूप कुमार सिंह ने यात्रियों से अपील की कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन के परिचालन, मार्ग एवं ठहराव की पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। यात्री रेलवे हेल्पलाइन 139, ऐप वो वेबसाइट अथवा अधिकृत रेलवे पूछताछ केंद्र से जानकारी लेने के बाद ही अपनी सुखद यात्रा को सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि संरक्षा एवं आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों के कारण होने वाली असुविधा के लिए रेल प्रशासन खेद व्यक्त करता है।

Share this news

Leave a Comment