तीन साल से आदिल से प्रेम संबंध का दावा, चार माह पहले कोर्ट मैरिज की भी बात आई सामने
किशनगंज /प्रतिनिधि
पहाड़कट्टा थाना कांड संख्या 237/2026 में पुलिस ने कथित अपहृता 22 वर्षीय अनामिका कुमारी को किशनगंज बस स्टैंड के पास से सकुशल बरामद कर लिया। जिला पुलिस द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि युवती की बरामदगी तकनीकी सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर गुरुवार को की गई। मामले में सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों पर प्रसारित कथित भ्रामक खबरों का पुलिस ने खंडन किया है।
पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर 2026 को अनामिका की मां दयाल देवी ने पहाड़कट्टा थाने में आवेदन देकर बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन के आधार पर बीएनएस की धारा 137(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। परिजनों ने बताया था कि अनामिका 13 सितंबर को छत्तरगाछ बाजार स्थित एक स्टाइल प्वाइंट कपड़ा मॉल में काम करने गई थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी।
जांच के दौरान पुलिस को अनामिका के मुंबई में होने तथा आदिल और उसके दोस्त रहीम से संपर्क से संबंधित जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने दोनों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी और तकनीकी निगरानी शुरू की। पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को अनामिका मुंबई से किशनगंज के लिए निकली थी, जिसके बाद से उसके मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही थी।
24 सितंबर को तकनीकी सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे किशनगंज बस स्टैंड के पास से बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद महिला थाना में उसका बयान दर्ज कराया गया। पुलिस के अनुसार, बयान में युवती ने बताया कि वह अपनी मर्जी से 13 सितंबर को किशनगंज से पटना और फिर मुंबई गई थी। उसने आदिल हुसैन के साथ पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध होने तथा लगभग चार माह पूर्व उसके साथ कोर्ट मैरिज करने की बात भी कही है। युवती ने यह भी बताया कि परिजन उसकी शादी किसी अन्य जगह करना चाहते थे।
पुलिस ने बताया कि बरामद युवती की विधिवत चिकित्सकीय जांच कराई जा रही है तथा न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच और युवती के बयान से कथित अपहरण की घटना की पुष्टि नहीं होती है।
इधर, किशनगंज पुलिस ने सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों पर चल रही भ्रामक खबरों का खंडन करते हुए कहा है कि घटना से संबंधित अपुष्ट जानकारी या अफवाह प्रसारित करने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे बिना पुष्टि किसी भी खबर या अफवाह को आगे प्रसारित न करें।