बारिश बढ़ी तो जलाशय में तब्दील हो सकती है सड़क, विद्यार्थियों समेत कई पंचायतों के लोगों की बढ़ेगी परेशानी।
टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
प्रखंड क्षेत्र की चिल्हनियां पंचायत अंतर्गत घनीफुलसरा चैनपुर से बिहार मुसहरी टोला जाने वाली मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत निर्मित सड़क के बीचोंबीच ध्वस्त हुए हिस्से के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। सड़क क्षतिग्रस्त होने के बाद संवेदक द्वारा अब तक समुचित डायवर्सन का निर्माण नहीं कराया गया है। इससे बारिश के दौरान टोटो एवं छोटी-छोटी गाड़ियां कीचड़ में फंस रही हैं और राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क के ध्वस्त हिस्से पर पूर्व मुखिया उद्यानंद मंडल द्वारा मजदूर लगाकर मिट्टी डलवाई गई थी, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण स्थिति फिर गंभीर होती जा रही है। सड़क पर पानी और कीचड़ जमा होने से आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है।
यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो सड़क का यह हिस्सा पूरी तरह जलाशय में तब्दील हो सकता है, जिससे कई पंचायतों के लोगों का आवागमन जोखिम भरा हो जाएगा। सबसे अधिक परेशानी प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय, घनीफुलसरा आने-जाने वाली छात्राओं को होने की आशंका है। विद्यालय जाने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों, टोटो चालकों एवं छोटे वाहनों के चालकों को भी इस मार्ग से गुजरने में कठिनाई हो रही है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग एवं सड़क निर्माण के संवेदक से क्षतिग्रस्त हिस्से पर जल्द से जल्द मजबूत एवं सुरक्षित डायवर्सन का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान आवागमन सुचारू रह सके और विद्यार्थियों समेत आम लोगों को परेशानी से राहत मिल सके।