पटना: राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को पटना के शास्त्रीनगर स्थित राजस्व (सर्वे) प्रशिक्षण संस्थान में बिहार विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यक्रम को लेकर सभी जिलों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलावार विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। मंत्री डॉ जायसवाल ने अधिकारियों से सर्वेक्षण कार्य की वर्तमान स्थिति, लंबित मामलों तथा कार्यों में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त की प्रक्रिया को निर्धारित मानकों के अनुरूप तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
मंत्री डॉ जायसवाल ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता भूमि सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त की प्रक्रिया को प्रभावी, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाना है, ताकि आम लोगों को भूमि से जुड़े मामलों में बेहतर सुविधा मिल सके और अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में विभाग के सचिव जय सिंह, अपर सचिव डॉ. महेंद्र पाल, उपनिदेशक मोना झा सहित राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।