कोढा/कटिहार-गणेश पूजा के अवसर पर कोढ़ा नगर पंचायत क्षेत्र के गेराबाड़ी बाजार में इस बार भक्ति के साथ देशभक्ति का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है। गणेश पूजा सेवा समिति की ओर से तिरंगे के रंग में तैयार कराया गया भव्य और आकर्षक पूजा पंडाल लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
पंडाल को देखने और भगवान गणेश के दर्शन-पूजन के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पूरे इलाके में गणेश पूजा सेवा समिति की इस अनूठी पहल की चर्चा हो रही है।गणेश पूजा सेवा समिति के सदस्यों ने इस बार कुछ अलग करने की पहल करते हुए पूरे पंडाल को भारतीय तिरंगे के तीन रंगों की थीम पर तैयार कराया है।
केसरिया, सफेद और हरे रंग से सजा यह पंडाल दूर से ही लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। पंडाल के बीचोंबीच भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा स्थापित की गयी है। विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की पूजा-अर्चना शुरू होने के बाद यहां श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है।समिति की इस पहल में खास तौर पर युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
युवाओं ने पंडाल निर्माण से लेकर सजावट और पूजा की तैयारियों तक बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पंडाल को आकर्षक रूप देने के लिए बारीकी से सजावट की गयी है, जिससे शाम के समय इसकी खूबसूरती और भी निखर उठती है। श्रद्धालु पंडाल की तस्वीरें और वीडियो भी अपने मोबाइल फोन में कैद कर रहे हैं।
गणेश पूजा सेवा समिति के अध्यक्ष आशीष चौधरी ने बताया कि इस बार समिति के युवाओं की इच्छा थी कि गणेश पूजा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान गणेश की भक्ति के साथ देशप्रेम का भी संदेश दिया जाए। इसी उद्देश्य से तिरंगे के रंग में पूजा पंडाल तैयार कराया गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। युवाओं की ओर से पंडाल के माध्यम से लोगों तक देशप्रेम का सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया है।गेराबाड़ी बाजार में तिरंगे के रंग में सजा यह गणेश पूजा पंडाल अब केवल पूजा-अर्चना का केंद्र नहीं, बल्कि भक्ति, युवा उत्साह और देशप्रेम के अनोखे संगम का संदेश भी दे रहा है। यही वजह है कि पंडाल को देखने के लिए आसपास के गांवों से लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है और यह पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।