न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

लंबित मामलों के निष्पादन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समय-सीमा में निपटाएं अधिकारी : डीएम

छठ पूजा से पहले घाटों की साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश, दिव्यांग बच्चों के शत-प्रतिशत यूडीआईडी कार्ड बनाने पर जोर

संवाददाता/ किशनगंज

जिला पदाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला समन्वय समिति की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति, लंबित मामलों के निष्पादन, जनशिकायतों के समाधान और सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करें। जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में सीडब्ल्यूजेसी, एमजेसी, नीलाम पत्र वाद, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड, प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) पोर्टल, विधानसभा सचिवालय से प्राप्त पत्रों तथा जिलाधिकारी जनता दरबार में लंबित मामलों की समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने और कार्यालयवार लंबित पत्रों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया।

एसी-डीसी बिलों के समायोजन की समीक्षा के दौरान डीएम ने आवश्यक अभिलेखों एवं प्रक्रियाओं को पूरा कर लंबित बिलों का शीघ्र निष्पादन करने को कहा। वहीं, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और बिहार मानवाधिकार आयोग से प्राप्त मामलों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

नए राशन कार्ड और बैंक खातों पर भी निर्देश

नए राशन कार्ड निर्माण की समीक्षा करते हुए डीएम ने अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों के राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया मिशन मोड में पूरी की जाए, ताकि जरूरतमंदों को समय पर योजना का लाभ मिल सके। वहीं, विभिन्न विभागों में संचालित अनावश्यक एवं अनुपयोगी बैंक खातों को नियमानुसार बंद करने और वित्तीय प्रबंधन में पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिया।

स्कूल और आंगनबाड़ी भवनों के लिए चिह्नित करें जमीन

विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण के लिए भूमि की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए डीएम ने अंचलाधिकारियों और संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक जमीन चिह्नित कर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। कायाकल्प मिशन के तहत लंबित कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया गया।

दिव्यांग बच्चों के शत-प्रतिशत यूडीआईडी कार्ड बनाने पर जोर

बैठक में दिव्यांग बच्चों के यूडीआईडी कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने जिले के शत-प्रतिशत दिव्यांग बच्चों का कार्ड बनाने का निर्देश दिया। इसके लिए पात्र बच्चों की पहचान, आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता और आवेदन प्रक्रिया में आने वाली बाधाओं को दूर करने पर जोर दिया गया।

सेवानिवृत्ति से तीन माह पहले पूरी करें भुगतान की तैयारी

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सेवानिवृत्त होने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के सभी प्रकार के भुगतान की तैयारी कम से कम तीन माह पूर्व शुरू कर दी जाए। ताकि सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें अपने भुगतान के लिए कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े।

छठ घाटों पर सफाई, रोशनी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें

आगामी छठ पूजा को लेकर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी छठ घाटों की साफ-सफाई, मरम्मती, रंग-रोगन, लाइटिंग, यातायात व्यवस्था और सड़कों की मरम्मती का कार्य समय से पूरा करने का निर्देश दिया। गहरे पानी वाले स्थानों पर सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने को भी कहा, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

डीएम ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को अपने-अपने विभागों के लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं जवाबदेही बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व, आपदा प्रबंधन एवं विभागीय जांच), जिला पंचायती राज पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला स्थापना उपसमाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। वहीं, सभी संबंधित अंचलाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।

Share this news

Leave a Comment