न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

कटिहार में मचान पर सो रहे व्यक्ति की गोली मारकर हत्या,जांच में जुटी पुलिस

कोढ़ा एसडीपीओ ने की नंदन कुमार यादव की हत्याकांड मामले की जांच

भूमि विवाद समेत कई बिंदुओं पर जांच

कटिहार – जिला के समेली प्रखंड क्षेत्र के पूर्वी चांदपुर पंचायत के वार्ड संख्या-1 के तिरसी टोला में बीती रात अज्ञात अपराधियों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में हत्याकांड की चर्चा हो रही है।मृतक की पहचान नंदन कुमार यादव (40 ) पिता रामावतार यादव के रूप में हुई।

जानकारी के अनुसार नंदन कुमार यादव खाना खाने के बाद अपने घर के दरवाजे पर बने मचान पर सो गये। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। परिजनों के अनुसार उनके सिर में गोली लगी थी और वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गये। मृतक की पत्नी रम्भा देवी ने बताया कि उनके पति खाना खाने के बाद दरवाजे पर बने मचान पर सोने चले गए थे।

सुबह जब उन्होंने देखा तो पति के सिर से खून निकल रहा था। इसके बाद घटना की जानकारी आसपास के लोगों और पुलिस को दी गई। बताया जा रहा है कि नंदन कुमार यादव को दो गोलियां मारी गईं। जिससे उनकी मौत हो गई। मृतक अपने पीछे पत्नी रम्भा देवी और तीन छोटे बच्चों आरती कुमारी (8), खुशी कुमारी (5) और निलेश कुमार (1) को छोड़ गए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर एसडीपीओ टु सुनील कुमार शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे।

उन्होंने घटनास्थल का जायजा किया और मृतक के परिजनों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली।पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया परिवार के बीच पूर्व से भूमि विवाद की बात सामने आई है। हालांकि हत्या के पीछे अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस किसी एक वजह को अभी अंतिम कारण नहीं मान रही है। घटना की जांच के लिए कटिहार से फॉरेंसिक टीम एवं विशेष टीम को लगाया गया है।

पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और मृतक का मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लिया है, जिसके आधार पर घटना से जुड़े सुराग तलाशे जा रहे हैं। घटना के बाद पोठिया पुलिस मामले के उद्भेदन में जुटी हुई है। पुलिस अपराधियों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।

समेली प्रखंड क्षेत्र में पूर्व में हुई हत्या की घटनाओं को लेकर भी स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।जनप्रतिनिधियों ने छोहार,मलहरिया, डुमरिया और शब्दा पंचायत सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुई हत्या की घटनाओं का हवाला देते हुए पुलिस से क्षेत्र में गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।जनप्रतिनिधियों का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस को संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।


घटना को लेकर मुखिया प्रतिनिधि विभूति यादव,सरपंच आलोक शेखर, पंचायत समिति प्रतिनिधि धीरेन्द्र यादव, राजद प्रखंड अध्यक्ष विनोद कुमार यादव और राजद युवा नेता मिथुन कुमार यादव सहित जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने घटना की निंदा की है और पुलिस से जल्द मामले का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल पुलिस जांच जारी है। हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या है और वारदात में कौन लोग शामिल हैं।इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Share this news

Leave a Comment