चैम्बर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल को एसपी ने किया आश्वस्त
कटिहार- नार्थ ईस्टर्न बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार से मिलकर ज्ञापन सौपा। जिसमें बिना किसी पूर्व सूचना के दो स्वर्ण व्यवसायियों को पुलिस द्वारा जबरन उठाकर ले जाने की शिकायत की गयी। शांतिपूर्ण माहौल में हुई बातचीत के दौरान एसपी ने व्यवसायियों को आश्वासन दिया कि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति नहीं होगी| इस मामले की अपने स्तर से जांच करवाएंगे।
एसपी ने दुकानदारों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने निर्देश दिया कि यदि कोई व्यक्ति उनके पास आभूषण बेचने आता है, तो उससे अनिवार्य रूप से बिल मांगें। यदि बिल उपलब्ध न हो तो आभूषण बेचने वाले का सादे कागज पर हस्ताक्षर जरूर करवा लें। ताकि भविष्य में व्यवसायियों को किसी भी प्रकार की कानूनी परेशानियों का सामना न करना पड़े।
चैंबर अध्यक्ष बिमल सिंह बेंगानी और महासचिव अजय सिंघानिया लाला के नेतृत्व में मिले प्रतिनिधिमंडल ने एसपी को बताया कि आभूषण चोरी या बरामदगी के मामलों में जौहरी और स्वर्णकार समुदाय के सदस्यों को पुलिस स्तर से अनुचित कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। जिससे व्यवसायियों में भारी असंतोष है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि बिहार पुलिस मुख्यालय के डीजीपी द्वारा 12 नवंबर 2025 ज्ञापांक- I/319261/2025 को भारतीय न्याय संहिता की धारा-317 के तहत आभूषण व्यापारियों से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच हेतु मानक संचालन प्रक्रिया जारी की गई है।
इसके बिंदु-2 के अनुसार, किसी भी स्वर्णकार से पूछताछ यथासंभव उसके कार्यस्थल पर ही की जानी चाहिए और जब तक बेहद आवश्यक न हो, उन्हें थाना आने के लिए बाध्य नहीं किया जाना चाहिए। इसके बावजूद, कुछ दिन पहले पुलिस ने चैंबर के दो सदस्य स्वर्ण व्यवसायियों को रात करीब 2:00 बजे उनके घरों से जबरन उठाया था।
प्रतिनिधिमंडल में चैंबर के पदाधिकारियों के अलावा स्वर्ण व्यवसायियों की ओर से पवन सोनी, रमण कुमार बल,अशोक जाधव, प्रेम नाथ प्रसाद, शिव रतन मुकीम, नन्द कुमार गुप्ता, सुरेश अग्रवाल, धनंजय गायकवाड़, दिनेश साह और रंजन अग्रवाल प्रमुख रूप से शामिल रहे।