टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बुधवार को रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने की। इस दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं से संबंधित जानकारी दी। वहीं, बीएचएम अजय कुमार साह ने अस्पताल की विभिन्न गतिविधियों एवं आवश्यकताओं से समिति के सदस्यों को अवगत कराया।
बैठक में पंचायत समिति सदस्य इस्माइल आलम, नवल किशोर झा समेत अन्य सदस्य एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। समिति के सदस्यों ने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक सुझाव भी दिए।