महापौर, उप महापौर एवं नगर आयुक्त रहे मौजूद
कटिहार – नगर निगम कटिहार की ओर से मंगलवार को नगर क्षेत्र के चार अलग-अलग स्थानों पर सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ वार्ड संख्या 31 स्थित सामुदायिक भवन में महापौर ऊषा देवी अग्रवाल, उप महापौर मंजूर खान, नगर आयुक्त संतोष कुमार एवं वार्ड पार्षद श्रीमती पिंकी देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
नागरिकों को नगर निगम की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके वार्ड स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वार्ड संख्या 11 के दुर्गा मंदिर परिसर,वार्ड संख्या 26 के नासिरगंज मैदान प्रांगण तथा वार्ड संख्या 42 के हवा महल परिसर में भी सहयोग शिविर आयोजित किया गया। शिविरों में संबंधित वार्डों के जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही।
वार्ड संख्या 11 के पार्षद सागर पासवान, वार्ड संख्या 26 की पार्षद श्रीमती गजाला खातून तथा वार्ड संख्या 42 की पार्षद श्रीमती जासमीन खातून उपस्थित रहीं और आम नागरिकों से शिविर का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। सहयोग शिविर में नगर निगम के विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदनों का निष्पादन, नागरिक शिकायतों का पंजीकरण तथा आवश्यक जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचने वाले नागरिकों की समस्याओं को सुना तथा संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई की।
नगर आयुक्त संतोष कुमार ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य नागरिकों को नगर निगम की सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ सहज, पारदर्शी एवं त्वरित रूप से उनके वार्ड स्तर पर उपलब्ध कराना है।
इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याओं एवं आवेदनों के समाधान के लिए निगम कार्यालय तक आने की आवश्यकता कम होगी तथा स्थानीय स्तर पर ही सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। इस दौरान सीटी मैनेजर ज्योति कृष्णा मूर्ति,कनीय अभियंता अजय कुमार सिंह, स्वच्छता पदाधिकारी राहुल कुमार, मो. नूर अली खान, धर्मेंद्र कुमार, मुकेश महतो आदि मौजूद रहे।