न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

गोरिया धार पर चचरी पुल से ग्रामीणों को मिलेगी आवागमन में राहत, स्थायी पुल और पक्की सड़क की मांग

बरसात में जान जोखिम में डालकर नदी पार करने को मजबूर हैं ग्रामीण, सांसद-विधायक को कई बार दे चुके हैं आवेदन

विजय कुमार साह/ किशनगंज

टेढ़ागाछ:प्रखंड क्षेत्र की चिल्हनियां पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 9 स्थित मुस्लिम टोला गांव के लोगों को गोरिया धार पर चचरी पुल का निर्माण होने से आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सुखाड़ के दिनों में आपस में चंदा इकट्ठा कर किसी तरह बांस की चचरी पुलिया बनाई जाती है, जिसके सहारे लोग नदी पार करते हैं। वहीं, बरसात के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने पर ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव तक पहुंचने के लिए न तो समुचित पक्की सड़क है और न ही गोरिया धार पर स्थायी पुल की व्यवस्था। इस कारण छात्र-छात्राओं, बुजुर्गों, महिलाओं और बीमार लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में नदी पार करना किसी चुनौती से कम नहीं होता।स्थानीय ग्रामीण बादल आलम, राशिद आलम, अफरोज आलम, नईम आलम, कयूम आलम, मजीबुल आलम, लतीफ उद्दीन, फिरोज आलम सहित अन्य लोगों ने बताया कि गोरिया नदी पर आरसीसी पुल और मुस्लिम टोला तक पक्की सड़क निर्माण की मांग को लेकर सांसद एवं विधायक को कई बार आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों का कहना है कि हर साल चंदा इकट्ठा कर अस्थायी चचरी पुल बनाना उनकी मजबूरी बन गई है। इससे न केवल आवागमन प्रभावित होता है, बल्कि बरसात के दिनों में दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी से मामले में पहल करते हुए मुस्लिम टोला तक पक्की सड़क तथा गोरिया नदी पर उच्चस्तरीय आरसीसी पुल का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि गांव के लोगों को वर्षों से चली आ रही आवागमन की समस्या से स्थायी निजात मिल सके।

Share this news

Leave a Comment