मनसाही/कटिहार – मनसाही थाना क्षेत्र के कुरेठा पंचायत अंतर्गत पंचवर्गा चौक स्थित एक किराना दुकान में सोमवार की सुबह गैस सिलेंडर लीक होने से अचानक आग लग गयी। अगलगी की घटना में दुकान में रखी लाखों रुपये की किराना सामग्री जलकर राख हो गयी। घटना के बाद पीड़ित दुकानदार व परिवार के लोगों में मायूसी छायी हुई हैं ।
जानकारी के अनुसार पंचवर्गा चौक निवासी मोहम्मद रतीबुल की किराना दुकान में सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे चाय बनाने के दौरान गैस सिलेंडर से गैस का रिसाव होने लगा। देखते ही देखते सिलेंडर में आग पकड़ ली और आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें तेज होने के कारण आसपास के लोग मौके पर जुट गये और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि जब तक स्थानीय लोगों द्वारा आग बुझायी गयी,तब तक दुकान में रखी अधिकांश किराना सामग्री जलकर राख हो चुकी थी।
पीड़ित दुकानदार के अनुसार,अगलगी में लाखों रुपये की सामग्री का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलने पर कुरेठा पंचायत के मुखिया अवधेश प्रसाद यादव,पैक्स अध्यक्ष छोटू कुमार गोस्वामी सहित अन्य स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया।
जनप्रतिनिधियों ने अंचलाधिकारी मोहम्मद इस्माइल को घटना की जानकारी देते हुए अग्निपीड़ित दुकानदार को सरकारी स्तर से उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की।