कटिहार रेल पुलिस की कार्रवाई, पासपोर्ट-वीजा नहीं मिलने पर मामला दर्ज
कटिहार/प्रतिनिधि
कटिहार रेल थाना पुलिस ने ट्रेन से यात्रा कर रहे चार संदिग्ध विदेशी नागरिकों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। इनमें एक 24 वर्षीय पुरुष और तीन नाबालिग लड़कियां शामिल हैं।रेल पुलिस द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि सभी के पास भारत में प्रवेश और प्रवास से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले।
मिली जानकारी के मुताबिक ट्रेन संख्या 12505 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस कामाख्या से आनंद विहार, नई दिल्ली जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध विदेशी नागरिकों के ट्रेन में सफर करने की सूचना पर कटिहार रेलवे स्टेशन पर रेल सुरक्षा बल और रेल पुलिस की टीम ने कार्रवाई की। टीम ने चारों को ट्रेन से उतारकर पूछताछ की।
पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास पासपोर्ट, वीजा अथवा वैध नागरिकता/प्रवास संबंधी दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने एक मोबाइल फोन, सामान्य रेलवे टिकट के अलावा 220 रुपये भारतीय मुद्रा और 1090 टाका बांग्लादेशी मुद्रा बरामद की।
प्रारंभिक जांच में संदिग्धों के अवैध तरीके से भारत में प्रवेश कर कामाख्या से जम्मू जाने की बात सामने आने पर रेल थाना कटिहार में कांड संख्या 183/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने Immigration and Foreigners Act, 2025 की धारा 21 तथा Passport Act, 1920 की धारा 3 के तहत कार्रवाई शुरू की है।
मामले में 24 वर्षीय मोहम्मद नूर, पिता शमशुल अमीन, निवासी मोंगदा, सितापारा, म्यांमार को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन नाबालिग लड़कियों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस संदिग्धों की पहचान, भारत में प्रवेश के स्रोत, यात्रा के उद्देश्य और आगे जाने की योजना को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
रेल पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और संदिग्धों के भारत में प्रवेश तथा यात्रा से जुड़े अन्य तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।