मनिहारी/अमदाबाद / – गंगा एवं अन्य नदियों में आई बाढ़ के बीच मनिहारी और अमदाबाद प्रखंड में राहत एवं बचाव व्यवस्था को लेकर विधायक मनोहर प्रसाद सिंह ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। विधायक ने 12 सितंबर को जिला पदाधिकारी को पत्र भेजकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सामुदायिक रसोई, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा दल तथा नावों की पर्याप्त व्यवस्था कराने की मांग की है।पत्र में कहा गया है कि मनिहारी प्रखंड की फतेहनगर पंचायत में वार्ड संख्या 12, 13, 14 और 15 बाढ़ से प्रभावित हैं। यहां अलग-अलग वार्डों में सामुदायिक रसोई संचालित की जा रही है।
वार्ड 12 में दो, वार्ड 13 में दो, वार्ड 14 में दो तथा वार्ड 15 में दो सामुदायिक रसोई चलने की जानकारी दी गई है। करीब एक हजार परिवारों के प्रभावित होने का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा है कि प्रभावित क्षेत्रों में अभी तक शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं हो सकी है। चिकित्सा दल के भी नियमित पहुंचने की आवश्यकता बताई गई है तथा प्रत्येक वार्ड में एक-एक नाव उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
नीमा पंचायत क्षेत्र की राहत व्यवस्था का उल्लेख करते हुए पत्र में बताया गया है कि सामुदायिक रसोई केंद्रों के माध्यम से विभिन्न वार्डों के बाढ़ पीड़ितों को भोजन कराया जा रहा है। नीमा पंचायत में भी अलग-अलग स्थानों पर सामुदायिक रसोई संचालित होने की जानकारी दी गई है। मध्य विद्यालय, नीमा, उच्च विद्यालय, नीमा, राजकीय भवन दिलारपुर, मध्य विद्यालय बहादुरपुर तथा नीमा नवाटोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है।
विधायक ने नीमा टोला के अलावा ताला टोला और लिल्ली मरांडी टोला के आदिवासी परिवारों के लिए भी अतिरिक्त सामुदायिक रसोई की आवश्यकता बताई है। बहादुरपुर के वार्ड संख्या आठ में भी सामुदायिक रसोई स्थापित करने की मांग की गई है। पत्र में नलकूप की आवश्यकता वाले क्षेत्रों में नलकूप उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है।
अमदाबाद प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में संचालित सामुदायिक रसोई की स्थिति का भी पत्र में उल्लेख है। उत्क्रमित मध्य विद्यालय सहित कई विद्यालयों में बाढ़ पीड़ितों के लिए भोजन की व्यवस्था की जा रही है। पानी भर जाने के कारण एक रसोई केंद्र को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की जानकारी भी दी गई है।
वार्ड संख्या 2, 3 और 4 के बाढ़ पीड़ितों के लिए अतिरिक्त सामुदायिक रसोई की जरूरत बताई गई है। विधायक ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवा और आवागमन की समस्या का भी उल्लेख किया है। पत्र में कहा गया है कि बड़ी संख्या में परिवार प्रभावित हैं और राहत सामग्री की जरूरत बनी हुई है।
लगभग 600 पॉलीथिन मिलने की संभावना का उल्लेख करते हुए कम से कम 1200 पॉलीथिन उपलब्ध कराने तथा पर्याप्त संख्या में नावों की व्यवस्था करने की मांग की गई है। साथ ही नावों पर राहत सामग्री पहुंचाने और प्रभावित लोगों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने की आवश्यकता जताई गई है।
विधायक ने जिला प्रशासन से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर राहत कार्य को और प्रभावी बनाने का अनुरोध किया है।