लोक अदालत के माध्यम से परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस के प्रयास से लोक अदालत में हुआ लंबित ई-चालानों का निपटारा
कटिहार–जिले में लंबित परिवहन एवं यातायात संबंधी ई-चालानों के त्वरित निपटारे के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत जिला परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस विभाग के संयुक्त प्रयास से कुल 1,460 लंबित चालानों का निष्पादन किया गया। इन चालानों से संबंधित कुल 23,38,700 रुपये की राशि का निपटारा हुआ।लोक अदालत में परिवहन विभाग से संबंधित 118 चालानों का निष्पादन किया गया, जिनकी राशि 7,77,100 रुपये थी।
तो यातायात पुलिस से संबंधित 15,61,600 रुपये के 1,342 चालानों का निपटारा किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य लंबित मामलों का त्वरित, सरल एवं आपसी सहमति के आधार पर समाधान उपलब्ध कराना होता है। इसी क्रम में परिवहन एवं यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़े लंबित ई-चालानों के निपटारे के लिए वाहन चालकों को लोक अदालत के माध्यम से विशेष अवसर प्रदान किया गया।
इस पहल में परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मियों ने आपसी समन्वय के साथ लंबित चालानों के निपटारे की प्रक्रिया को सुगम बनाने में सहभागिता दी। इससे जहां लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी आई। वहीं वाहन चालकों को भी अपने पुराने चालानों के निपटारे का आसान माध्यम मिला।
जिला परिवहन विभाग की ओर से वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से अपील की गई कि वे यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। ।दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करें और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाये ।