अपराध नियंत्रण और नियमित गश्ती पर जोर, नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई में सहयोग करने की ग्रामीणों से अपील
किशनगंज:पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने पौआखाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस कैंप खारुदह का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कैंप की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ पुलिसकर्मियों के कार्यों की समीक्षा की। एसपी ने संबंधित पदाधिकारियों को क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण के लिए सतर्कता बरतने तथा नियमित गश्ती और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने लोगों से उनकी समस्याओं और सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं के बारे में भी चर्चा की, ताकि क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और निगरानी को और प्रभावी बनाया जा सके।
नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का सहयोग करें ग्रामीण
एसपी संतोष कुमार ने आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशा तस्करी के खिलाफ अभियान में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने लोगों से नशे के कारोबार में संलिप्त संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी पुलिस को देने का आग्रह किया, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध पर अंकुश लगाने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की सतर्कता के साथ जनसहयोग भी जरूरी है।