अनुसंधान में तेजी लाने का निर्देश, एसडीपीओ-2, थानाध्यक्ष और डीआईयू प्रभारी को सभी बिंदुओं पर गहन जांच का आदेश
किशनगंज:पौआखाली थाना क्षेत्र के कड़ुआमुनि गांव में मंजरी बेगम हत्याकांड की जांच तेज हो गई है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मृतका की पुत्री, पुत्र, परिजनों, रिश्तेदारों, पड़ोसियों और मौके पर मौजूद ग्रामीणों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने घटनाक्रम से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की और मामले की तह तक पहुंचने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2, संबंधित थानाध्यक्ष और जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) के प्रभारी को कांड के अनुसंधान में सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच करने को कहा।
एसपी ने साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने और अनुसंधान में तेजी लाने का निर्देश दिया। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। हत्याकांड से जुड़े तथ्यों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।