न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

जयमाला शिक्षा निकेतन में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत बच्चों को किया गया जागरूक

जिला विधिक सेवा प्राधिकार एवं पुलिस प्रशासन की पहल

बाल विवाह, बाल श्रम, मानव तस्करी और साइबर अपराध से बचाव पर दिया गया जोर

कटिहार – बच्चों के अधिकारों की रक्षा उनके सुरक्षित भविष्य के निर्माण तथा बाल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जयमाला शिक्षा निकेतन कटिहार में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कटिहार के तत्वावधान में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल संरक्षण, मानव तस्करी, साइबर अपराध, बाल विवाह एवं बाल श्रम जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरूक करने के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील कुमार सुमन, पुलिस पदाधिकारी इंस्पेक्टर इंद्रदेव पासवान, इंस्पेक्टर विनय कुमार सिंह साइबर थाना, बिमल कुमार मंडल साइबर थाना, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील कुमार सुमन ने उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कटिहार और पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए विद्यालयों में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण है।अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनके सुरक्षित बचपन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सर्वांगीण विकास के बिना एक सशक्त समाज की कल्पना नहीं की जा सकती। बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देना ही विद्यालय का उद्देश्य नहीं है, बल्कि उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों, नैतिक मूल्यों, कानूनी अधिकारों और जीवन की चुनौतियों के प्रति जागरूक बनाना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।


डॉ. सुमन ने कहा कि बाल विवाह, बाल श्रम, बाल शोषण और मानव तस्करी जैसी समस्याएं बच्चों के भविष्य को प्रभावित करती हैं। इन समस्याओं के उन्मूलन के लिए कानून के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब बच्चे अपने अधिकारों को समझेंगे और अभिभावक एवं शिक्षक अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहेंगे, तभी सुरक्षित समाज का निर्माण संभव होगा। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्राचार्य ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार तथा उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों इंस्पेक्टर इंद्रदेव पासवान, इंस्पेक्टर विनय कुमार सिंह और बिमल कुमार मंडल के प्रतिआभार व्यक्त किया।

Share this news

Leave a Comment