बाढ़ पीड़ितों से मिले, कम्युनिटी किचन और राहत व्यवस्था का लिया जायजा; निजी स्तर पर बांटी नगद सहायता..
मनिहारी/कटिहार -बाढ़ से प्रभावित मनिहारी एवं अमदाबाद क्षेत्र के दौरे पर निकले पूर्णिया सांसद पप्पू यादव मनिहारी पहुंचे। उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों का भ्रमण कर पीड़ित परिवारों की स्थिति जानी और प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों के बीच निजी स्तर पर नगद राशि देकर आर्थिक सहयोग भी किया।
मनिहारी पहुंचने पर नगर मुख्य पार्षद लाखो यादव ने सांसद पप्पू यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद सांसद ने मनिहारी प्रखंड एवं नगर क्षेत्र में बाढ़ पीड़ितों के लिए की गई राहत व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर चल रहे कम्युनिटी किचन का जायजा लिया और वहां पीड़ितों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। सांसद ने बाढ़ और कटाव के कारण ऊंचे स्थानों पर शरण लिए विस्थापित परिवारों से भी मुलाकात की।
उन्होंने परिवारों से उनकी परेशानियां सुनीं और राहत एवं बचाव के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी गंभीर त्रासदी के बीच पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद मिलनी चाहिए। पप्पू यादव ने क्षेत्र में चलाए जा रहे राहत कार्यों को नाकाफी बताते हुए सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी त्रासदी के समय भी नेता और अधिकारी ‘आपदा में अवसर’ तलाश रहे हैं।
उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए बाढ़ पीड़ितों के प्रति कथित उदासीनता को गरीबों और प्रभावित परिवारों के साथ क्रूर मजाक बताया।
सांसद ने कहा कि अवैज्ञानिक तरीके से बनाए गए डैम और नदी जल समझौते आने वाले दिनों में बिहार के लिए खतरे की घंटी साबित हो सकते हैं। उन्होंने बाढ़ की समस्या को लेकर दीर्घकालिक और वैज्ञानिक तरीके से समाधान की जरूरत पर भी जोर दिया।
दौरे के दौरान सांसद पप्पू यादव ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी परेशानियां सुनीं और अपने स्तर से नगद राशि देकर आर्थिक सहयोग किया। इसी दौरान उन्होंने कहा, मेरे पास उतना पैसा है, जितना सरकार के पास नहीं है। सांसद ने कहा कि संकट की इस घड़ी में बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ा होना जरूरी है। उन्होंने राहत कार्यों में और तेजी लाने की आवश्यकता जताई।मनिहारी क्षेत्र के दौरे के बाद पप्पू यादव नदी मार्ग से आजमपुर गोला होते हुए अमदाबाद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के भ्रमण के लिए रवाना हो गए।